Comments (0)
No comments yet.
दोबारा स्मरण पर श्रीनाथ ने झींकते हुए कहा - "अपनी साड़ियाँ ऊपर वाले बक्से में रखो या फिर गोदरेज की आलमारी में जमा लो न। परसों भी ऊपर के दोनों बक्से नीचे उतरवाए थे। आज फिर उतारूँ।" लक्ष्मी ने रुआँसे स्वर में कहा - "क्या करूँ? मेरे से बक्से उतर जाते तो आपकी बात न सुननी पड़ती। मुझे पिछले चार सालों में कभी साड़ी पहनते देखा है आपने ? इधर स्कूल जाना बंद किया और उधर साड़ियों का उपयोग बंद। साड़ियाँ पहनना वैसे भी कम से कमतर हो गया था। और अब तो स्कूल भी नहीं जाती हूँ। इसलिए सबसे नीचे वाले बक्से में एक-एक कवर में दो-दो तीन-तीन साड़ियाँ रख दी थीं। आलमारी का निचलाc खाना और शयन कक्ष में रखी हुईं दो अटैचियाँ भी साड़ियों से भरी हैं। बिटिया की साड़ियाँ अभी उसकी आलमारी में ही हैं। सोच रही थी कि बक्से में से ही कोई साड़ी पसंद कर लूँ शादी में पहनने के लिए।"
"आलमारी या अटैची से ले लेनी थी कोई साड़ी। बक्से को खोलना आवश्यक है क्या ? फिर रखने को बोलोगी। ऐसा जैसे मुझे और कोई काम ही नहीं है।" श्रीनाथ ने अब मुस्कराते हुए उत्तर दिया और लक्ष्मी के कहे अनुसार दोनों बक्से नीचे उतार दिए। पति और पत्नी में यह नोकझोंक तो चलती ही रहती है।
लक्ष्मी अपने गीले हाथों को तौलिए से पोंछ कर संदूक खोलने लगी। उसने सोचा कि इन साड़ियों में से ही कोई दो साड़ियाँ चुनकर वह देवर के छोटे बेटे प्रकाश की शादी में हो आएगी। दो नई अप्रयुक्त सिल्क की साड़ियाँ, जिनमें एक बिटिया के ससुराल से मिली थी और दूसरी बिटिया को ही उसकी एक सखी ने पूजा में उसे दी और उसने लक्ष्मी को दे दी थी, भी पड़ी हैं पर कौन फॉल लगवाए और अन्य तैयारियाँ करे जबकि वे भी बाद में अन्य साड़ियों के साथ सन्दूकों में बंद रोशनी और वायु को भी तरस जाएँगी।
लक्ष्मी ने अपनी साड़ियों के पैकेट बाहर निकाले। उसने पहले से ही मन में उन दो साड़ियों के ट्रायल का विचार बना लिया था जो परसों उसे आजकल के फैशन के अनुसार उपयुक्त लगी थीं। फिर भी उसने सभी पैकेटों को लिविंग रुम की सेट्टी पर रख दिया और एक-एक पैकेट से साड़ियाँ निकालकर देखने लगी। यह तोतिया (Parrot green) रंग वाली साड़ी जिस पर भारी कढ़ाई है 'चेरमाज़' शो रुम से ली थी। सबको रंग और कढ़ाई पसंद आई थी। यह नीले रंग और सीपियों वाले बार्डर की साड़ी 'आर.एस.ब्रदर्स' से ली थी इसे भतीजी के विवाह में पहना था। यह हल्के जामुनी रंग और टमाटरी रंग की भारी साड़ियाँ बिटिया के विवाह में पहनी थीं। तब यही रंग फैशन में थे। एक का पल्लू जालीदार है और दूसरे का लाल, पीले, हरे, नीले छोटे-छोटे मोतियों से भरा है। यह दोरंगी छाया वाली और हल्के हरे रंग की साड़ियाँ 'कुमरन' शो रुम से ली थीं। बंगलौर से आए व्यापारियों द्वारा खोला गया यह शो रुम शहर भर में प्रसिद्ध हो गया था। गुणवत्ता के हिसाब से सभी को साड़ियाँ पसंद आई थीं। जब कभी पहनती थी तो मन प्रसन्न हो जाता था अपनी खरीददारी पर। यह ऑफ वाइट जूट के पल्लू वाली साड़ी कहाँ से कब खरीदी थी मस्तिष्क पर दबाव डालने पर भी याद नहीं आया। यह पट्टू साड़ी (रेशमी) भाई पहली करवाचौथ पर दिलवा गया था। कितना सुन्दर कंट्रास्ट है इसका। पंद्रह अगस्त और छब्बीस जनवरी को अधिकांशतः उसे पहना करती थी। अरे ! यह शोख रंग वाली पीली साड़ी उसने ननद की बेटी के विवाहोत्सव के लिए 'चेन्नई' शो रुम से ली थी। एक ही बार तो पहनी है और तब से संदूक में ही पड़ी सोच रही है कि कब उसकी किस्मत खुलेगी।
इस तरह लक्ष्मी पैकेट खोलती और साड़ियाँ देखती और उन्हें एक तरफ रखती जाती । इसी दौरान उसकी दृष्टि उस पैकेट पर गई जिसमें उसके अपने विवाह में माँ और सासू माँ की ओर से दी गई चार बनारसी और दो शिफोन और एक चिनोन की साड़ियाँ थीं। उन्हें खोलकर देखते ही लक्ष्मी अतीत में लौट गई। उसकी माँ उसकी चाची को लेकर कपड़ों की खरीददारी कर आई थी। लक्ष्मी को साथ ले जाने की बात पिताजी ने की थी लेकिन लक्ष्मी ने माँ और चाची की पसंद को महत्त्व प्रदान करते हुए उन्हें ही अमृतसर जाने दिया था। वहाँ लक्ष्मी की बुआ की लड़कियाँ उसकी हमउम्र थीं। लक्ष्मी ने अपनी पसंद के रंग एक पत्र में लिखकर उन्हें भेज दिए थे। माँ के द्वारा लाए सभी सूट और साड़ियों को उसने बड़े प्यार से स्वीकार कर लिया था। कई वर्षों तक वह करवाचौथ के दिन उन्हीं साड़ियों से कोई एक साड़ी पहनकर पूजा करती थी। तब लंबे-लंबे झुमके पहनकर वह बहुत प्रसन्न होती थी। श्रीमती कपूर ने करवाचौथ की कथा के पश्चात उसके झुमकों और साड़ी की सराहना भी की थी।
अब वह उत्साह नहीं रहा क्योंकि अब उसके घर के आस-पास कोई भी सखी नहीं है जो करवाचौथ का व्रत रखे और मिलकर पूजा की जाए। अतएव कई वर्षों से ये सिल्क साड़ियाँ तरसती रहती हैं कि कोई उन्हें बाँधे और ठुमक-ठुमक कर चले। यह न हो तो कम से कम हाथ में उठाकर उन्हें परखे, देखे और उलट-पलट कर पुनः यथास्थान रख दे। आज उन्हें भी अपने पुरातन दिवस अवश्य स्मरण हो आए होंगे। उन दो साड़ियों को जिन्हें लक्ष्मी शादी में पहनना चाहती थी और जो अलग-अलग कवर में रखी थीं, उसने निकालकर एक ओर रख दीं। अभी वह सब पैकटों का निरीक्षण कर रही थी कि उसे उन दो साड़ियों की स्मृति हो आई जो एक तो माँ ने छोटे भाई के विवाह में भेंट स्वरुप दी थी और दूसरी जब उसने बिटिया को जन्म दिया था और वह मायके गई थी। उस बक्से से वे दोनों ही नदारद थीं। मैरून और ब्राउन रंग की वे साड़ियाँ संभवतः आलमारी में होंगी। कल उन्हें भी देख लेगी।
लक्ष्मी ने सोचा कि वह तो अब साड़ियों का उपयोग करती ही नहीं है तो क्यों न कुछ साड़ियाँ वह एक-एक कर कामवाली अम्मा या किसी और को दे दे पर नहीं वह इन साड़ियों को स्वयं से जुदा नहीं कर पाएगी। कितनी यादें इनसे जुड़ी हैं। माना कि अब सिल्क साड़ियों के स्थान पर नए-नए नमूनों में डिज़ाइनर साड़ियाँ ही महिलाओं द्वारा पसंद की जा रही हैं पर वह इन्हें किसी को नहीं दे पाएगी। इनमें माँ का प्यार, पिता की मेहनत प्रच्छन्न है।
तभी लक्ष्मी के हाथ में काले रंग का एक छोटा पोलिथिन कवर आ गया जिसमें एक ही साड़ी को बेतरतीब विधि से रखा हुआ था। उसके मुख से अनायास ही निकला - ओह यह भी मैंने इसी बक्से में रख दी थी। उन्नाबी और गहरे नीले रंग की वह साड़ी माँ ने कब दी थी लक्ष्मी को याद नहीं आया। लेकिन वह साड़ी थी बहुत सुन्दर। चाँदी के रंग की पतली तार से आड़े-तिरछे नमूने वाली वह साड़ी जब भी उसने पहनी उसकी सहकर्मी अध्यापिकाओं ने बहुत पसंद की। श्रीमती सावित्री मेहंदीरत्ता ने तो आदेश भी दे दिया था कि मेरे लिए भिन्न रंग में यह साड़ी वह जब भी मायके जाए, ले आए। ऐसी नजर लगी उस साड़ी को कि एक दिन ऑटो से उतरते हुए वह साड़ी इतनी बुरी तरह से फॉल के पास फट गई कि पहनना ही नामुमकिन हो गया। उसने सोचा था कि स्टील के बर्तन बेचने वाली को दे देगी किन्तु भूल से ही शायद बॉक्स में रखी गई।
माँ-बाप से मिली वस्तु को अपने से जुदा करना सरल नहीं है। उससे भावनाएँ जुड़ी होती हैं। एक-एक पैसा जोड़कर माँ ने इन्हें एकत्रित किया था। ये जब भी सामने आएँगी आँखों को नम कर जाएँगी। उसने सोचा कि वह पुनः बाजार से फिनाइल की गोलियाँ मँगा कर उन्हें पैकटों में डाल देगी।
तभी श्रीनाथ ने मानो उसकी तंद्रा भंग करते हुए कहा - "भागवान, कहाँ खो गई हो तुम। काम हो गया हो तो बक्सा बंद करो ताकि दोनों दूसरे बक्सों को उठाकर यथास्थान रखने का कर्तव्य भी मैं निभा लूँ।"
लक्ष्मी ने झटपट बाकि सभी पैकेट शीघ्रता से ट्रंक में रख दिए और ट्रंक बंद कर एक ओर हट गई। श्रीनाथ ने दोनों ट्रंक बड़े ट्रंक पर रखे और स्नान के लिए चले गए। लक्ष्मी उन दोनों साड़ियों की तहें खोलकर देखने लगी कि वे सही सलामत तो हैं।
No comments yet.